कटिहार , अक्टूबर 18 -- बिहार में कटिहार के जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में समेकित बाल विकास सेवाएँ (आइसीडीएस) के अंतर्गत सितंबर, 2026 की मासिक जिला रैंकिंग में कटिहार जिला ने बिहार में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया है। जिला रैंकिंग रिपोर्ट के अनुसार, कटिहार जिला ने राज्य के 38 जिलों में प्रथम स्थान हासिल किया है।यह उपलब्धि जिले में संचालित आंगनबाड़ी सेवाओं, पोषण संबंधी गतिविधियों, लाभार्थियों के सत्यापन तथा पूरक पोषाहार वितरण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण सूचकांकों पर किए जा रहे सतत प्रयासों को दर्शाती है।
सितंबर, 2026 की रैंकिंग रिपोर्ट के अनुसार, कटिहार जिला ने कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है।
एफआरएस के अंतर्गत सभी लाभार्थियों का सत्यापन 99.21 प्रतिशत तथाटेक-होम राशन (टीएचआर)लाभार्थियों का सत्यापन 99.73 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं, टेक-होम राशन वितरण 99.91 प्रतिशत, गरम पका भोजन (एचसीएम ) वितरण 99.10 प्रतिशत तथा टीएचआर और एचसीएम का संयुक्त प्रदर्शन 99.79 प्रतिशत रहा।
इसके अतिरिक्त, आंगनबाड़ी केंद्रों पर पेयजल कनेक्शन की उपलब्धता 99.85 प्रतिशत, शौचालय की उपलब्धता 99.23 प्रतिशत तथा विद्युत कनेक्शन की उपलब्धता 98.19 प्रतिशत दर्ज की गई। ये उपलब्धियाँ जिले में आंगनबाड़ी सेवाओं एवं आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित करती हैं।
जिला पदाधिकारी श्री द्विवेदी के मार्गदर्शन में जिला प्रोग्राम कार्यालय, आइसीडीएस तथा संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित अनुश्रवण और निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिये निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस उपलब्धि में कुमारी पूर्णिमा, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों, जिला समन्वयक, प्रखंड समन्वयक, महिला पर्यवेक्षिकाओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं सहित सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
कटिहार जिला प्रशासन द्वारा पोषण सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, लाभार्थियों तक योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुँचाने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली को और सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित