देवरिया, जुलाई 31 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के गौरी बाजार क्षेत्र के लबकनी गांव में गुरुवार को आंबेडकर प्रतिमा विवाद बवाल के बाद जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को तीन पुलिसकर्मी तथा एक लेखपाल और पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया है।

जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी ने आज यहां बताया कि आंबेडकर प्रतिमा विवाद में प्रारम्भिक जांच में लापरवाही पाए जाने पर पुलिस और प्रशासन से जुड़े पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। मामले में पुलिस अधीक्षक ने हल्का इंचार्ज दरोगा, बीट सिपाही और एलआईयू बीट सिपाही को निलंबित किया गया है। इसके अलावा जिला प्रशासन ने गांव के लेखपाल और पंचायत सचिव को निलंबन किया है।

उन्होंने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच अभी जारी है। उन्होंने संकेत दिया कि जांच में यदि किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल प्रशासन की ओर से गांव में स्थिति पर नजर रखी जा रही है और शांति व्यवस्था कायम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित