विजयवाड़ा , सितंबर 27 -- आंध्र प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों की क्षमता मजबूत करने और प्रशासनिक कौशल में सुधार लाने के उद्देश्य से 29 और 30 सितंबर को यहां मिशन कर्मयोगी पर क्षेत्रीय कार्यशाला आयोजित की जायेगी।
यह दो दिवसीय कार्यशाला डॉ बीआर अंबेडकर कला वेदिका में होगी, जिसमें आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, ओडिशा और पुडुचेरी के अधिकारी तथा हितधारक भाग लेंगे।
मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू 29 सितंबर को उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि होंगे और औपचारिक रूप से कार्यशाला का उद्घाटन करेंगे। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी तथा मिशन कर्मयोगी के प्रतिनिधि प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे। यह कार्यशाला मिशन कर्मयोगी के तहत सरकारी प्रशिक्षण संस्थानों के क्षमता निर्माण और सरकारी कर्मचारियों के कौशल विकास पर ध्यान केंद्रित करेगी।
उन्नति कार्यक्रम के माध्यम से क्षमता निर्माण के लिए 'आईगॉट-मिशन कर्मयोगी' प्लेटफॉर्म के उपयोग का प्रदर्शन भी किया जायेगा।
मिशन कर्मयोगी गुणवत्ता ढांचे और कर्मयोगी कर्तव्य कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों के संचालन से जुड़े मसौदा ढांचे पर भी चर्चा होगी। विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि अंतर-राज्यीय समूह गतिविधियों और प्रश्नोत्तर सत्रों के माध्यम से अपने अनुभवों तथा सर्वश्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को साझा करेंगे।
कार्यशाला का मुख्य संदेश यह है कि सरकारी प्रशिक्षण संस्थानों को केवल पाठ्यक्रम चलाने वाले केंद्रों तक सीमित न रहकर विभिन्न विभागों के प्रदर्शन में सुधार लाने वाले साझेदार के रूप में विकसित होना चाहिए। इस कार्यशाला से शासन में क्षमता वृद्धि सुगम होने और सहभागी राज्यों के बीच सर्वश्रेष्ठ कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित