विजयवाड़ा , अक्टूबर 18 -- आंध्र प्रदेश में विजयवाड़ा नगर निगम के महापौर पद के प्रतिष्ठित चुनाव में एक दिलचस्प घटनाक्रम सामने आया है।

पुलिस के सेवानिवृत्त अतिरिक्त महानिदेशक ए.बी. वेंकटेश्वर राव निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में महापौर पद का चुनाव लड़ रहे हैं और वामपंथी दलों तथा कांग्रेस ने उन्हें समर्थन देने की घोषणा की है।

विजयवाड़ा नगर निगम को तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) का मजबूत गढ़ माना जाता है। वर्ष 2024 के चुनाव में तेदेपा ने विजयवाड़ा पूर्व और विजयवाड़ा मध्य विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तेदेपा के समर्थन से विजयवाड़ा पश्चिम विधानसभा सीट जीती थी। तेदेपा ने विजयवाड़ा लोकसभा सीट पर भी जीत हासिल की थी।

सभी को चौंकाते हुए मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली तेदेपा ने विजयवाड़ा के महापौर का पद अपने गठबंधन सहयोगी पवन कल्याण की जन सेना पार्टी को दे दिया है। जन सेना पार्टी ने महापौर पद के लिए पूर्व विधायक वंगवीति राधा कृष्ण को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

वहीं, वाईएसआर कांग्रेस पार्टी ने अभी तक विजयवाड़ा महापौर पद के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।

श्री राव ने खुफिया विभाग में एडीआईजी के तौर पर काम किया और विजयवाड़ा पुलिस के आयुक्त के तौर पर भी काम कर चुके हैं। श्री राव ने घोषणा की है कि वह एक स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर विजयवाड़ा के महापौर पद का चुनाव लड़ रहे हैं। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) , मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और कांग्रेस ने उनकी उम्मीदवारी का समर्थन किया है।

आंध्र प्रदेश कांग्रेस समिति (एपीसीसी) के उपाध्यक्ष कोलानुकोंडा शिवाजी ने यूनीवार्ता से कहा कि कांग्रेस और वाम पार्टियां महापौर पद के लिए श्री राव की उम्मीदवारी का समर्थन कर रही हैं और उनके उम्मीदवारों को चुनाव नहीं लड़वा रही हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और वामपंथी दलों के नेता श्री राव के पक्ष में प्रचार करेंगे। इस अचानक हुए घटनाक्रम से विजयवाड़ा के महापौर पद का चुनाव दिलचस्प हो गया है।

यदि वाईएसआर कांग्रेस पार्टी महापौर पद के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा करती है, तो इस पद के लिए त्रिकोणीय मुकाबला होगा। सभी राजनीतिक दल इस चुनाव को प्रतिष्ठा का सवाल मान रहे हैं। वर्ष 2021 के स्थानीय निकाय चुनावों में वाईएसआर कांग्रेस ने नगर निगम के अधिकांश वार्डों में जीत हासिल कर महापौर का पद अपने नाम किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित