विजयवाड़ा , अगस्त 14 -- आंध्र प्रदेश में पिछले वर्ष 15 अगस्त को महिलाओं के लिए शुरू की गयी 'स्त्री शक्ति' मुफ्त बस यात्रा योजना को जबरदस्त प्रतिसाद मिला है और औसतन हर दिन 24 लाख महिलाएं आंध्र प्रदेश राज्य परिवहन निगम की बसों में यात्रा करती हैं।
महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा शुरू होने के बाद से राज्य में महिलाओं ने इस योजना के तहत 87 करोड़ से अधिक यात्राएं की हैं। सरकार महिलाओं की यात्रा के लिए हर दिन 8.53 करोड़ रुपये की सब्सिडी दे रही है। योजना के लागू होने के बाद से एक साल में राज्य सरकार ने इस योजना पर 3,095 करोड़ रुपये खर्च किये हैं।
'स्त्री शक्ति' योजना को निगम की बसों की पांच श्रेणियों - एक्सप्रेस, अल्ट्रा पल्लेवेलुगु, पल्लेवेलुगु, मेट्रो एक्सप्रेस और सिटी ऑर्डिनरी - में लागू किया जा रहा है। निगम की कुल 9,978 बसों में से 76 प्रतिशत, यानी 7,631 बसों का इस्तेमाल इस योजना के लिए किया जा रहा है। सरकार ने मंदिरों के लिए चलायी जाने वाली विशेष बस सेवाओं में यात्रा करने वाली महिलाओं के लिए भी यह सुविधा बढ़ा दी है। इस योजना के शुरू होने से पहले निगम की बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों में महिलाओं की हिस्सेदारी 40 प्रतिशत थी। अब यह हिस्सेदारी बढ़कर 62 प्रतिशत हो गयी है। रोजाना यात्रा करने वाली महिलाओं की संख्या भी 9.47 लाख से बढ़कर 24 लाख हो गयी है। इस योजना के तहत आने वाली बसों में ऑक्यूपेंसी (सीट भरने की दर) 93 प्रतिशत तक पहुंच गयी है।
'स्त्री शक्ति' योजना ने न केवल महिलाओं के यात्रा खर्च को कम किया है, बल्कि शिक्षा, रोज़गार, स्वास्थ्य सेवा, व्यापार और अन्य जरुरी आवश्यकताओं तक उनकी पहुंच में भी मदद की है। यह योजना विशेष रूप से उन महिलाओं के लिए फायदेमंद साबित हुई है जो कॉलेज जाती हैं, छोटे-मोटे कारोबार के लिए गाँवों और कस्बों के बीच आती-जाती हैं, और धार्मिक स्थलों पर जाती हैं। इस योजना के तहत महिलाएं सिर्फ अपना आधार कार्ड दिखाकर राज्य में कहीं भी यात्रा कर सकती हैं।
अधिकारियों का दावा है कि मुफ्त बस यात्रा योजना से ग्रामीण इलाकों में सड़क दुर्घटनाएं कम हुई हैं क्योंकि महिलाएं अब भीड़-भाड़ वाले शेयर-ऑटो रिक्शा के बजाय निगम की बसों में यात्रा कर रही हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि इस योजना के एक साल पूरे होने के मौके पर मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू शनिवार को 'स्त्री शक्ति का एक साल' थीम के तहत राज्य भर में आयोजित कार्यक्रमों के हिस्से के तौर पर महिला लाभार्थियों से बातचीत करेंगे। इसके साथ ही स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री 'स्त्री शक्ति' योजना की लाभार्थियों के साथ परेड ग्राउंड से मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय तक निगम बस से यात्रा करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित