गुंटूर , जुलाई 18 -- आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने गुंटूर जिले की कृष्णाबाबू कॉलोनी में तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के एक पदाधिकारी के कहने पर एक ट्रांसजेंडर द्वारा एक महिला को सरेआम निर्वस्त्र कर उसकी बेरहमी से पिटाई के मामले में गहरी नाराजगी और दुख व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा है कि किसी भी महिला का अपमान अस्वीकार्य है और हमारे समाज में इसके लिए कोई जगह नहीं है। दोषियों के खिलाफ बिना किसी राजनीतिक पक्षपात के सख्त कार्रवाई होगी। गौरतलब है कि यह घटना 15 जुलाई की रात को हुई थी लेकिन सोशल मीडिया के जरिए यह बात शनिवार को सामने आई।
सार्वजनिक नल से पानी भरने के मामले में दो परिवारों के बीच झगड़ा हो गया था। इस मुद्दे पर पीड़िता और तेदेपा के 21वें डिवीजन के सचिव मल्लेला वेंकटरमना मूर्ति के बीच बहस हुई।
आरोप है कि तेदेपा नेता ने पीड़िता पर हमला करने के लिए एक ट्रांसजेंडर की मदद ली। माधवी नाम की ट्रांसजेंडर ने पीड़िता की पिटाई की और उसकी साड़ी एवं अन्य कपड़े उतार दिए। कुछ स्थानीय महिलाओं ने हालांकि पीड़िता को खुद को ढकने के लिए कपड़े दिए। पीड़िता ने अगले दिन नगरमपालेम थाना में शिकायत दर्ज कराई।
इस शर्मनाक घटना की जानकारी लोगों को सोशल मीडिया के जरिए चली। पुलिस निरीक्षक सत्यनारायण ने बताया कि इस मामले में नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गुंटूर पश्चिम की विधायक जी. माधवी ने कहा कि तेदेपा नेता वेंकटरमना मूर्ति को पार्टी से निलंबित कर दिया गया है।
गृह मंत्री वी. अनीता ने पुलिस अधीक्षक से बात करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित