नरसारावपेट , अगस्त 27 -- आंध्र प्रदेश के पलनाडु जिले में गुरुवार तड़के एक तेज रफ्तार निजी ट्रैवल बस ने ऑटो रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे सात लोगों की मौत हो गयी और चार अन्य घायल हो गये। हादसा चिलकलूरिपेट कस्बे के पास क्रॉस रोड सेंटर पर हुआ।
पुलिस उपाधीक्षक हनुमंथा राव ने बताया कि 11 लोग बापटला जिले के कोंडामंजुलुरु गांव में एक रिश्तेदार के जन्मदिन समारोह में शामिल होने गये थे। वहां से सभी अपने पैतृक गांव एलुरु लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार निजी बस ने ऑटो रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें सात लोगों की मौत हो गयी और अन्य चार गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
श्री राव के अनुसार, चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि तीन ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान बोंथा बाबू (62), बोंथा मणेम्मा (55), सम्पूर्णम्मा (70), लक्ष्मम्मा (75), गंगम्मा (50), चौटुपल्ली सुवर्था (45) और मरियम्मा (45) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ऑटो चालक ने राजमार्ग पर निजी बस को देखे बिना अचानक यू-टर्न लेने का प्रयास किया। यू-टर्न के लिए चालक के अचानक ब्रेक लगाने के कारण पीछे आ रही बस का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस ऑटो से जा टकरायी।
घायलों में दो की हालत बेहद गंभीर बतायी गयी है। उन्हें बेहतर उपचार के लिए गुंटूर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित