भीमावरम , मई 03 -- आंध्र प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष रघुराम कृष्ण राजू ने रविवार को पश्चिम गोदावरी जिले के अकीविडु में भगवान श्रीराम के मंदिर के निर्माण की आधारशिला रखी।

उपाध्यक्ष ने अपनी पत्नी के साथ पूजा और शिलान्यास कार्यक्रम में भाग लिया, जिसमें बड़ी संख्या में तेलुगु देशम (टीडीपी), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), जन सेना पार्टी के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।

उपाध्यक्ष ने इस अवसर पर श्रीराम मंदिर का निर्माण शीघ्रता से पूरा करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने राम मंदिर का निर्माण रोकने को अदालत का दरवाजा खटखटाया था लेकिन सभी कानूनी विवादों को पार करते हुए इसका निर्माण किया जाएगा।

श्री रघुराम कृष्ण राजू ने वहां श्रीराम मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया। 29 मार्च को उनके द्वारा स्थल का दौरा करने के बाद विवाद और बढ़ गया, जिससे झड़प हुई और उनके काफिले पर हमला हुआ।

इलाके के दलितों का दावा है कि यह स्थल देवी गोंथेनम्मा के मंदिर का है, जो उनके समुदाय की आराध्य देवी हैं। उन्होंने मंदिर को राम मंदिर में बदलने का आरोप लगाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित