विशाखापत्तनम/विजयवाड़ा , अक्टूबर 25 -- बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र पिछले तीन घंटों से एक ही स्थान पर स्थिर रहने के बाद अब और मजबूत हो रहा है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के आधार पर आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन ने रविवार को बताया कि यह प्रणाली आज एक 'गहरे अवदाब' में तब्दील हो जाएगी और सोमवार तक चक्रवाती तूफान का रूप ले लेगी।

श्री जैन के अनुसार, वर्तमान में यह अवदाब विशाखापत्तनम से 870 किलोमीटर, काकीनाडा से 960 किलोमीटर, मछलीपट्टनम से 1060 किलोमीटर और बापटला से 1130 किलोमीटर की दूरी पर केंद्रित है।

आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने चेतावनी जारी की है कि यह मौसम प्रणाली 27 अक्टूबर तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर 'गंभीर चक्रवाती तूफान' और 28 अक्टूबर की सुबह तक 'अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान' में बदल सकती है। इसके 28 अक्टूबर की दोपहर तक बापटला और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश तट को पार करने की संभावना जताई गई है। तट से टकराने के समय हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

एसडीएमए के प्रबंध निदेशक ने मछुआरों को समुद्र में न जाने, अपनी नौकाओं को सुरक्षित बांधने और जालों को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सख्त सलाह दी है। इसके अलावा तटीय इलाकों में समुद्र की ऊंची लहरों के पास जाकर सेल्फी न लेने की चेतावनी भी जारी की गई है।

राज्य की गृह मंत्री वी. अनिता ने सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की और एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने जोखिम भरे होर्डिंग्स को हटाने और आवश्यकता पड़ने पर निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने के आदेश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित