गुंटूर , मई 12 -- आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले में निदुब्रोलु रेलवे स्टेशन के पास आलुरू रेलवे गेट पर मंगलवार तड़के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कर्मियों ने रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध लुटेरों पर 10 राउंड गोलियां चलायीं।
जीआरपी डीएसपी अक्केश्वर राव ने पत्रकारों को बताया कि ट्रेनों में डकैती की घटनाओं के मद्देनजर आरपीएफ की एक हथियारबंद टीम रेलवे ट्रैक पर गश्त कर रही थी। उन्होंने रेलवे ट्रैक पर दो लोगों को संदिग्ध रूप से घूमते हुये देखा। आरपीएफ कर्मियों को संदेह हुआ कि वे किसी सवारी गाड़ी को रोकने के लिए सिग्नल लाइन काटने की कोशिश कर रहे थे। जब आरपीएफ की टीम बदमाशों के करीब पहुंची, तो उन्होंने उन पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिये।
आरपीएफ के एक उपनिरीक्षक ने आत्मरक्षा में अपनी सर्विस रिवॉल्वर से उन पर पांच राउंड गोलियां चलायीं, जबकि एक सिपाही ने अपनी सर्विस राइफल से छह राउंड फायरिंग की। हालांकि, संदिग्ध लुटेरे अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। आरपीएफ कर्मियों को रेलवे ट्रैक पर तार काटने वाले कटर और दस्ताने मिले हैं। आरपीएफ और पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिये बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित