नांदयाल , जून 03 -- आंध्रप्रदेश के नांदयाल जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के तीन कुख्यात चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से 14 लाख रुपये की नकदी, एक कार और 45 लीटर देसी शराब बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक सुनील शेओरान ने बुधवार को बताया कि तीनों चोरों को गूटी शहर के बाहरी इलाके में स्थित रुद्राक्ष गुट्टा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। इनकी पहचान लक्ष्मण राम कुमावत, घनश्याम और मानकचंद कुमावत के रूप में हुई है तथा तीनों राजस्थान के रहने वाले हैं।

श्री शेओरान ने बताया कि गिरोह ने चार अप्रैल को नांदयाल जिले के डोन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आईटीसी सिगरेट गोदाम में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। उन्होंने आईटीसी गोदाम से भारी मात्रा में सिगरेट चुराने की बात कबूल कर ली है और सिगरेटों को हैदराबाद में बेचने की बात भी स्वीकार की है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर निरीक्षक पी श्रीनिवास और सुरेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वाहनों की जांच का अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने एक कार को रोककर तीनों सवारों से पूछताछ की गयी और हिरासत में ले लिया गया। हिरासत में उन्होंने चोरी और अन्य अपराधों को कबूल कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित