विजयवाड़ा , सितंबर 15 -- आंध्र प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री अल्ला कालीकृष्ण श्रीनिवास का मंगलवार को निधन हो गया।
वह 57 वर्ष के थे।
उल्लेखनीय है कि अल्ला कालीकृष्ण श्रीनिवास 'अल्ला नानी' के नाम से लोकप्रिय थे। उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उन्हें विशाखापत्तनम के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। श्रीनिवास, वाईएस जगन मोहन रेड्डी की कैबिनेट में उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री थे और 2004, 2009 और 2019 में एलुरु निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा के लिए चुने गये थे। वह 2017 में विधान परिषद के लिए भी चुने गए थे।
श्रीनिवास ने 2025 में युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) छोड़ दी और तेलुगु देशम पार्टी में शामिल हो गये।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके अचानक निधन से उन्हें गहरा सदमा लगा है। श्री नायडू ने उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से प्रार्थना की कि उनकी आत्मा को शांति मिले।
पूर्व मुख्यमंत्री जगन रेड्डी ने दिल का दौरा पड़ने से पूर्व उपमुख्यमंत्री अल्ला कालीकृष्ण श्रीनिवास (नानी) के अचानक निधन पर गहरा सदमा और दुख व्यक्त किया। श्री जगन मोहन रेड्डी ने कहा कि अल्ला नानी का असामयिक निधन बेहद दुखद है और उन्होंने उनके लंबे सार्वजनिक जीवन को याद किया, जिसमें एलुरु से तीन बार विधायक चुना जाना और कई वर्षों तक लोगों की सेवा करना शामिल है।
उन्होंने वाईएसआरसीपी सरकार में उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के रूप में अल्ला नानी की अहम भूमिका को याद किया और कहा कि उन्होंने सार्वजनिक स्वास्थ्य क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा के साथ निभाया। उन्होंने अल्ला नानी के परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित