कुरनूल , अप्रैल 16 -- आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ और घायलों की संख्या 13 हो गयी है।

जिले के मंत्रालयम मंडल के चिलकलदोना गांव में हुए इस हादसे में मरने वालों में पांच महिलाओं समेत एक बच्ची भी है। यह हादसा तब हुआ जब एक वैन की टक्कर कंक्रीट मिक्सर ट्रक से हो गई।

पुलिस ने बताया कि कर्नाटक के चिकमंगलूर के कुछ लोग वैन में सवार होकर मंत्रालयम स्थित श्री राघवेंद्र स्वामी मंदिर जा रहे थे। वैन और कंक्रीट मिक्सर ट्रक की भिड़ंत में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान कुमार (50), दीपिका वीणा (42), सुनील (40), यशोदा (60), पुट्टम्मा (55), लक्ष्मी (60), मीनाक्षी (46) और बेली (5) के रूप में हुई है। घायलों को सरकारी जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें कुरनूल के अस्पताल भेजा गया है।

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी इस दुर्घटना पर गहरा दुख जताते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया। इसके अलावा घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित