विजयवाड़ा , अगस्त 17 -- आंध्र प्रदेश में मशीनीकृत नाव से समुद्र में मछली पकड़ने गए आठ मछुआरे लापता हो गए हैं और उनकी तलाश के लिए बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया गया है।

परिवार के सदस्यों के अनुसार ये मछुआरे तीन अगस्त को कोनासीमा जिले के अल्लावरम मंडल के ओडलारेवु गांव से निकले थे। परिवार वालों का तब से उनसे संपर्क टूटा हुआ है। मछुआरों के 13 अगस्त तक मछली पकड़ने वाले बंदरगाह पर लौटने की उम्मीद थी लेकिन वे नहीं लौटे। परिवार वालों ने सोमवार को मरीन पुलिस और मत्स्य विभाग के अधिकारियों के पास शिकायत दर्ज कराई।लापता मछुआरों में से पांच अल्लावरम गांव के हैं और तीन आई पोलावरम मंडल के बोलुसुतिप्पा गांव के हैं। अधिकारियों ने बताया कि लापता मछली पकड़ने वाली नाव में 15 दिन का राशन और 1000 लीटर डीजल था। नाव को विशाखापत्तनम और पारादीप द्वीप की ओर जाते हुए देखा गया था। अधिकारियों ने उनसे फोन पर संपर्क करने की कोशिश की लेकिन संपर्क नहीं हो सका। परिवार वालों ने उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित