पादेरू , अक्टूबर 24 -- आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले के गुम्मंती गांव में शनिवार सुबह सड़क निर्माण कार्य के दौरान जिलेटिन की छड़ों में भयानक विस्फोट होने से एक स्कूल शिक्षिका समेत पांच लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गांव में एक पहाड़ी पर सड़क (घाट रोड) का निर्माण कार्य चल रहा था। इस परियोजना से जुड़े विस्फोट के काम के लिए जिलेटिन की छड़ें एक वाहन में ले जाई जा रही थीं। बताया जा रहा है कि वाहन का डीजल खत्म हो गया था। जब उसमें ईंधन भरा जा रहा था, तभी अचानक विस्फोट हो गया, जिससे एक जोरदार धमाका हुआ।
मृतकों की पहचान स्कूल शिक्षिका सुनीता, ड्राइवर पवन कुमार और सड़क निर्माण कार्य में लगे तीन मजदूरों नारायण राव, मणि और एक अन्य व्यक्ति (जिसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है) के रूप में हुई है। विस्फोट इतना भीषण था कि शवों के टुकड़े-टुकड़े हो गए और शरीर के अंग आसपास बिखर गए। मृतकों की पहचान करना भी संभव नहीं था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित