नयी दिल्ली , जून 15 -- भारतीय सशस्त्र बलों की युवा शाखा, राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) महानिदेशालय ने देश के युवाओं को सशक्त बनाने और देश में एनसीसी का विस्तार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आंध्र प्रदेश और झारखंड में इसके स्वतंत्र राज्य निदेशालयों के गठन को मंजूरी दी है। इससे देश में एनसीसी राज्य निदेशालयों की कुल संख्या 17 से बढ़कर 19 हो गई है।
एनसीसी महानिदेशालय ने सोमवार को बताया कि आंध्र प्रदेश और झारखंड में स्वतंत्र राज्य निदेशालयों की स्थापना से एनसीसी कैडेटों और शिक्षण संस्थानों के साथ और अधिक निकटता से जुड़ सकेगी। नयी प्रशासनिक संरचना से अधिक केंद्रित समन्वय, बेहतर पर्यवेक्षण और प्रशिक्षण एवं विकासात्मक कार्यकलापों के लिए बेहतर समर्थन संभव हो सकेगा। इसके साथ ही, बेहतर प्रशिक्षण अवसंरचना और सहायता तंत्र के माध्यम से इन राज्यों के युवाओं के लिए अधिक अवसर उपलब्ध होंगे।
देश के युवाओं को सशक्त बनाने के सरकार के दृष्टिकोण से प्रेरित यह निर्णय, अधिक से अधिक युवाओं को आत्मविश्वास से भरपूर, सक्षम और सामाजिक रूप से प्रतिबद्ध नागरिक बनने में मदद करेगा, जो राष्ट्र की प्रगति में सार्थक योगदान देने के लिए तैयार होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित