पडेरू , जून 21 -- आंध्र प्रदेश पुलिस ने रविवार को अल्लूरी सीताराम राजू जिले के एक घने जंगल वाले इलाके में तस्करी कर ले जाया जा रहा 1,125 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत पांच करोड़ 60 लाख रुपये से अधिक बतायी जा रही है।

पुलिस ने बताया कि एक खुफिया सूचना के आधार पर मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो के उपनिरीक्षक किरण कुमार के नेतृत्व में एक टीम ने जिले के मुंचिंगपुट्टु मंडल में बुसिपुट्टा गांव के पास वाहनों की चेकिंग शुरू की। इस दौरान उन्होंने एक वैन को संदिग्ध रूप से आते देखा। तलाशी लेने पर वैन के भीतर गत्ते के डिब्बों में पैक किया हुआ 1,125 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें आंध्र प्रदेश के गोपाल और अनंतराम तथा एक अन्य व्यक्ति ओडिशा का रहने वाला है। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि इस गांजे को ओडिशा से जयपुर ले जाया जा रहा था।

पुलिस गांजे की तस्करी करने वाले वाहनों की पहचान करने के लिए उन्नत ट्रैकिंग तकनीक का उपयोग कर रही है। चूंकि आंध्र प्रदेश पुलिस ने स्थानीय एजेंसी क्षेत्रों में गांजे की खेती को पूरी तरह से समाप्त कर दिया है, इसलिए तस्कर अब पड़ोसी राज्य ओडिशा से गांजा ला रहे हैं। आंध्र प्रदेश सरकार ने राज्य में गांजे की तस्करी, बिक्री और इसके उपयोग पर लगाम लगाने के लिए विशेष रूप से 'एलीट एक्शन ग्रुप फॉर लॉ एनफोर्समेंट' नामक एक विशेषबल का गठन किया है।

इससे पहले पुलिस ने गृह मंत्री वी अनिता की उपस्थिति में 18 जून को विशाखापट्टनम में विभिन्न मामलों में जब्त किये गये 20 करोड़ रुपये से अधिक मूल्यके 28 टन से ज्यादा गांजे को नष्ट किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित