काकीनाडा , अक्टूबर 22 -- आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से चार श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, विजयनगरम जिले के देनकाडा गांव के लगभग 25 लोगों ने कनक दुर्गा दीक्षा ली थी। वे एक निजी बस में सवार होकर विजयवाड़ा स्थित कनक दुर्गा मंदिर जा रहे थे। रास्ते में राष्ट्रीय राजमार्ग पर शंकावरम मंडल के कट्टीपुडी गांव में उनकी बस खराब हो गई। बस रुकने पर उसमें से पांच श्रद्धालु चाय पीने के लिए नीचे उतरे। जब वे सड़क पार कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतकों की पहचान तालिंगाला सीताराम (36), सिरिगिडी येरैया (35), ताड़ीपुडी वरप्रसाद (36) और बोनुला रमण (52) के रूप में हुई है। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए काकीनाडा के सरकारी सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर एसयूवी के चालक को गिरफ्तार कर लिया है और शवों को पोस्मार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भवानी दीक्षा में शामिल चार लोगों की मौत पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायल श्रद्धालु को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित