अनंतपुर , अक्टूबर 31 -- आंध्र प्रदेश में अनंतपुर जिले के राप्तादु गांव में शनिवार को एक बेहद खौफनाक घटना में 10वीं की एक छात्रा पर कक्षा के भीतर ही एक बदमाश ने मशीन से चलने वाले आरी (हैकसॉ) से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद छात्रा को गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत से जूझ रही है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता गोपिका लक्ष्मी (14), जिला परिषद हाई स्कूल में जब अपनी कक्षा में बैठी थी, तभी एक अज्ञात बदमाश वहां घुसा और उस पर हैकसॉ मशीन से हमला कर दिया। इस हमले में छात्रा के चेहरे और हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं।

अत्यधिक खून बहने की स्थिति में पीड़िता को पहले नजदीकी अस्पताल और बाद में सरकारी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। पीड़िता को बचाने के प्रयास में एक अन्य छात्रा भी घायल हो गई।

इस वारदात से स्कूल के शिक्षकों और विद्यार्थियों में हड़कंप मच गया। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर हैकसॉ मशीन मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुँचे और हमलावर की तलाश का अभियान शुरू कर दिया। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हमले के पीछे का कारण क्या था। इस घटना से स्कूल और पूरे इलाके में दहशत का माहौल है तथा खबर मिलते ही घबराए परिजन स्कूल पहुंच गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित