जगदलपुर , सितंबर 09 -- छत्तीसगढ़ में बस्तर संभाग के आयुक्त डोमन सिंह ने आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से अपने गांव लौट रहे दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले के प्रवासित परिवारों का संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता से पुनर्वास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
श्री सिंह ने बुधवार को तीनों जिलों के प्रवासित परिवारों के पुनर्वास की प्रगति की वर्चुअल समीक्षा करते हुए कहा कि वापस लौट रहे परिवारों को बेहतर वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। पात्र परिवारों को आवास सहित मूलभूत सुविधाओं के साथ शासन की 31 व्यक्तिमूलक और 14 सामुदायिक योजनाओं से लाभान्वित किया जाए।
उन्होंने संबंधित ग्राम पंचायतों में नियमित शिविर आयोजित कर लौटने वाले परिवारों का सर्वे करने और उनकी अद्यतन जानकारी संधारित करने के निर्देश दिए। इसके लिए मांझी-मुखिया, समाज प्रमुख, पटेल-कोटवार, गायता-पुजारी, पंचायत पदाधिकारियों और ग्रामीणों से चर्चा कर आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना में रह रहे तथा वापस लौटने वाले परिवारों की जानकारी जुटाने को कहा गया है।
आयुक्त ने पुनर्वास नीति और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्रवासित परिवारों तक पहुंचाने के लिए मीडिया, ग्राम पंचायतों में सूचना एवं सूची चस्पा करने और कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराने के निर्देश भी दिए। राजस्व एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण के लिए रोस्टर तैयार करने को कहा गया।
बैठक में दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा के अपर कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित