विजयवाड़ा , मई 13 -- आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को जनता से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुझाए उपायों का पालन करने की अपील की। उन्होंने घोषणा की कि इन उपायों को लागू करने के लिए जल्द ही एक कार्ययोजना जारी की जायेगी।

पश्चिम एशिया के मौजूदा संघर्ष के वैश्विक प्रभावों का जिक्र करते हुए श्री नायडू ने राज्य के लोगों से प्रधानमंत्री की हाल ही में जारी की गयी एडवाइजरी का सख्ती से पालन करने का आह्वान किया है।

मुख्यमंत्री ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जोर दिया कि अंतरराष्ट्रीय अस्थिरता के समय देश के आर्थिक हितों की रक्षा के लिए नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक में 'मेरा देश, मेरी जिम्मेदारी' की भावना होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की खपत कम की जानी चाहिए, क्योंकि इससे विदेशी मुद्रा की बचत होगी। श्री नायडू ने कहा, "वर्क फ्रॉम होम अब एक हकीकत है। आने वाले समय में ऐसी स्थिति बनेगी, जब पूरी दुनिया घर से काम करेगी, इसलिए इसे बढ़ावा दिया जाना चाहिए।"मुख्यमंत्री ने राय व्यक्त की, "पूरे देश को फिजूलखर्ची पर लगाम लगानी चाहिए। गाड़ियों के बड़े काफिले में चलना आजकल फैशन बन गया है। जन प्रतिनिधियों को अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम कर मिसाल पेश करनी चाहिए। इसके साथ ही, सुरक्षा घेरे को भी छोटा किया जाना चाहिए।"उन्होंने प्रधानमंत्री की सलाह के अनुसार लोगों से विदेश यात्राएं कम करने और सोना खरीदने में कटौती करने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश में ही कई आकर्षक पर्यटन स्थल मौजूद हैं और लोगों को विदेश जाने के बजाय इन स्थानों पर घूमने को प्राथमिकता देनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित