अमरोहा , मई 28 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुपालन में अमरोहा जिला प्रशासन संभावित प्राकृतिक आपदाओं को लेकर अलर्ट मोड पर आ गया है। मौसम विभाग द्वारा तेज आंधी, मूसलाधार वर्षा और वज्रपात की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील करते हुए विस्तृत गाइडलाइंस जारी की हैं। जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने जनपदवासियों से मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लेने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सावधानी और सतर्कता बरतकर ही जनहानि तथा दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि आंधी-तूफान के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे तथा बिजली के खंभों के पास खड़ा होना खतरनाक हो सकता है। कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। वज्रपात से बचाव के लिए किसानों और आम नागरिकों को गरज-चमक के दौरान मोबाइल फोन का सीमित उपयोग करने, धातु की वस्तुओं से दूर रहने तथा बिजली के उपकरणों के प्लग निकाल देने की सलाह दी गई है।
उन्होंने कहा कि खेतों में कार्य कर रहे किसान बिजली चमकने या मौसम खराब होने की स्थिति में तत्काल सुरक्षित पक्के स्थानों की ओर चले जाएं। किसानों और पशुपालकों के लिए जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर ढककर रखा जाए तथा पशुओं को खुले स्थान पर न बांधकर मजबूत पशुशालाओं में रखा जाए। प्रशासन ने जलभराव वाले क्षेत्रों, नालों, पुलों और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने की भी सलाह दी है। साथ ही लोगों से पीने के पानी को उबालकर उपयोग करने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद और तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिए गए हैं तथा स्वास्थ्य, विद्युत और नगर निकाय विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक जिला कंट्रोल रूम के नंबर 05922-252100 और 252800 अथवा आपातकालीन सेवाओं 112, 108 और 101 पर तुरंत सूचना दे सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित