लखनऊ , मई 14 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश में आए भीषण आंधी-तूफान से हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि भदोही, फतेहपुर, सोनभद्र, बदायूं समेत प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और तूफान के कारण 54 लोगों की मौत हो गई, जबकि घर, पेड़ और दीवारें गिरने से लाखों लोग प्रभावित हुए हैं।
सपा अध्यक्ष ने सरकार से मांग की कि राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया जाए। उन्होंने कहा कि घायलों के लिए बेहतर और मुफ्त इलाज की तत्काल व्यवस्था की जाए तथा प्रभावित इलाकों में शीघ्र खाना-पानी उपलब्ध कराया जाए। साथ ही जिन लोगों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनके लिए अस्थायी रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित