टिहरी , मई 03 -- उत्तराखंड में शनिवार शाम आए तेज आंधी-तूफान के कारण टिहरी बांध में फ्लोटिंग हट्स क्षतिग्रस्त हो गया।
तेज हवाओं के चलते फ्लोटिंग हट्स की जेटी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे हट्स दो हिस्सों में बंट गए। घटना के समय वहां ठहरे करीब 30 पर्यटक खतरे में आ गए। सूचना मिलते ही कोटी कॉलोनी में तैनात राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बचाव अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।
प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने रविवार को घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए एसडीएम कमलेश मेहता के नेतृत्व में पांच सदस्यीय विशेषज्ञ समिति गठित की गई है। समिति फ्लोटिंग हट्स का सेफ्टी ऑडिट करेगी।
प्रभारी जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा ऑडिट रिपोर्ट आने के बाद ही फ्लोटिंग हट्स के संचालन को अनुमति दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम कमलेश मेहता, तहसीलदार धीरज राणा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोबत सिंह राणा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश कुमार, सीओ चंद्र मोहन सिंह सहित एसडीआरएफ के अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित