महासमुंद , अप्रैल 04 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में शनिवार शाम आए तेज आंधी-तूफान के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग 353 पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेलसोंडा के पास आंधी की तीव्रता के चलते छोटे-बड़े तीन दर्जन से अधिक पेड़ सड़क पर गिर गए, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलते ही पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीनों की मदद से गिरे हुए पेड़ों को हटाने का कार्य शुरू किया गया। अधिकारियों के अनुसार, मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु रूप से चालू करने के प्रयास जारी हैं।
आंधी-तूफान के चलते क्षेत्र में कुछ स्थानों पर बिजली आपूर्ति भी प्रभावित होने की खबर है, हालांकि किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और सतर्कता बरतें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित