पटना , जुलाई 27 -- बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम ने सोमवार को बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र लिखा है कि नीट पेपर लीक मामले में आंदोलन कर रहे छात्रों को पुलिस जबरन मुकदमों में फँसाकर जेल भेज रही है।
श्री राम ने मांग की कि सभी गिरफ्तार छात्रों को अविलंब एवं बिना शर्त रिहा किया जाए। साथ ही आंदोलन में अपनी आवाज उठाने वाले विभिन्न राजनीतिक दलों के गिरफ्तार छात्र नेताओं की भी तत्काल रिहाई सुनिश्चित की जाए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने अपने पत्र में छात्र आंदोलन के दौरान हो रहे पुलिसिया दमन तथा सदाकत आश्रम स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर हुए हमले के बावजूद अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं किए जाने पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।
कांग्रेस अध्यक्ष श्री राम ने अपने पत्र में आरोप लगाया कि छात्र, युवा, कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के घरों पर प्रतिदिन पुलिस छापेमारी कर भय का माहौल बना रही है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताते हुए ऐसी कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित