नारायणपुर , जुलाई 07 -- छत्तीसगढ में जनजातीय कार्य मंत्रालय के अधीन नेशनल एजुकेशन सोसाइटी फॉर ट्राइबल स्टूडेंट्स (एमईएसटीएस) के तत्वावधान में हाल ही में राजस्थान के उदयपुर स्थित ईएमआरएस खेरवाड़ा में आयोजित आंचलिक (जोनल) स्तर की राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता में बस्तर संभाग के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस), छेरीबेड़ा की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय प्रबंधन ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

विद्यालय की 53 सदस्यीय टीम ने छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया। प्रतियोगिता में उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की टीमों ने भाग लिया। इसमें मध्य प्रदेश प्रथम तथा छत्तीसगढ़ द्वितीय स्थान पर रहा।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर ईएमआरएस छेरीबेड़ा के आठ विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन किया गया है। इनमें हर्षा का चयन स्पीकर की भूमिका के लिए प्रथम स्थान पर हुआ। मनसाय और अनुराधा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि अंजीला, निकिता, वेदिका, जयबती और शामी तृतीय स्थान पर रहे।

चयनित विद्यार्थियों को राष्ट्रीय राजधानी स्थित संसद भवन के शैक्षणिक भ्रमण के साथ संसद की कार्यवाही को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर मिलेगा।

विद्यालय की इस उपलब्धि का श्रेय प्राचार्य डॉ. मनमोहन त्यागी के मार्गदर्शन तथा कार्यक्रम प्रभारी एवं सामाजिक विज्ञान के शिक्षक अनुप कुमार मौर्य के प्रशिक्षण को दिया गया है।

प्राचार्य डॉ. त्यागी ने एनईएसटीएस मुख्यालय, नई दिल्ली, ईएमआरएस स्टेट सोसायटी (सीटीडी) रायपुर, कलेक्टर नम्रता जैन, आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. राजेंद्र सिंह तथा सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और विद्यार्थियों की मेहनत से विद्यालय ने राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित