यमुनानगर , सितंबर 22 -- हरियाणा के यमुनानगर में आंगनवाड़ी वर्कर हेल्पर यूनियन रजिस्टर 1442 का धरना मंगलवार को 22वें दिन में प्रवेश कर गया।

आज के धरने की अध्यक्षता जिला प्रधान कमलेश देवी ने की।

धरने को संबोधित करते हुए कमलेश देवी ने कहा कि विभाग द्वारा पूरा बजट मंगवा लिया गया है और धीरे-धीरे सभी के बिल तैयार हो रहे हैं, जल्द ही भुगतान शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि 22 दिन से महिलाएं धूप और गर्मी में परेशान हो रही हैं, लेकिन विभाग पर कोई असर नहीं हो रहा है, जो खेदजनक है।

इस दौरान सीडीपीओ तरविंदर कौर धरना स्थल पर पहुंचीं और वर्करों-हेल्परों से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि बकाया मानदेय की प्रक्रिया जारी है और 10 से 15 दिनों के भीतर राशि खातों में आ जाएगी।

आश्वासन के बाद यूनियन ने निर्णय लिया कि कल से हेल्पर आंगनवाड़ी केंद्रों को नियमित रूप से खोलेंगी और सभी कार्य करेंगी, जबकि वर्करों का धरना जारी रहेगा। अब धरना अनाज मंडी में नहीं, बल्कि जगाधरी शहरी के सीडीपीओ कार्यालय में दिया जाएगा।

आज के धरने में रादौर ब्लॉक प्रधान सरबजीत, जगाधरी ग्रामीण प्रधान ओम देवी सहित जगाधरी शहरी ब्लॉक से सुनीता, अंग्रेजो, वंदना, सरोज, सुमन, आशा, सुमित, गुरप्रीत, निशा, आरती, अंजू, जसविंदर सहित सैकड़ों आंगनवाड़ी वर्कर और हेल्पर उपस्थित रहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित