टिहरी , अगस्त 06 -- उत्तराखंड में टिहरी गढ़वाल जिले में आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने गुरुवार को विकासखंड चंबा की सुमन कॉलोनी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में संचालित पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा संबंधी गतिविधियों का गहन निरीक्षण करते हुए बच्चों को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजिका, पोषण पंजिका सहित अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने केंद्र में पंजीकृत बच्चों की संख्या, नियमित वजन परीक्षण तथा पोषण आहार की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने सहायक आंगनवाड़ी कार्यकत्री को निर्देश दिए कि प्रत्येक बच्चे को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा उनके स्वास्थ्य और वजन की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों के बीच बैठीं और ब्लैकबोर्ड पर अंग्रेजी वर्णमाला तथा प्रारंभिक अक्षर ज्ञान का अभ्यास कराया। उन्होंने बच्चों से वर्णमाला और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका बच्चों ने उत्साहपूर्वक सही उत्तर दिया। बच्चों की सीखने की क्षमता पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने नियमित अध्ययन और गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा पर विशेष जोर दिया। साथ ही बच्चों की पुस्तकों का अवलोकन कर उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास की पहली पाठशाला हैं। ऐसे में पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान सहायक आंगनवाड़ी कार्यकत्री लक्ष्मी देवी उपस्थित रहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित