चंडीगढ़ , सितंबर 29 -- पंजाब में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सरकार के 'युद्ध नशे के विरुद्ध' अभियान से 'नशा मुक्ति मित्र' के रूप में जुड़ रही हैं और परिवारों तथा समुदायों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने में भूमिका निभा रही हैं।

श्री मुक्तसर साहिब के मलोट में मंगलवार को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ बलजीत कौर ने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने में योगदान के लिए 'नशा मुक्ति मित्र' के रूप में काम कर रहीं 20 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि परिवारों और बच्चों के साथ नियमित संपर्क में रहने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को समुदाय स्तर पर नशे के खतरों के प्रति जागरूकता फैलाने, शुरुआती स्तर पर हस्तक्षेप करने और जरूरतमंद लोगों को नशा मुक्ति एवं पुनर्वास सेवाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका दी जा रही है।

कार्यक्रम में युवाओं के बीच खेलों को नशे की रोकथाम के माध्यम के रूप में बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। इस दौरान जिले के युवाओं को हॉकी, फुटबॉल, वॉलीबॉल और क्रिकेट के उपकरणों वाली 100 से अधिक खेल किट वितरित की गयीं।

डॉ कौर ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को स्वस्थ विकल्प उपलब्ध कराने और उन्हें नशे से दूर रखने के लिए खेल बुनियादी ढांचे का विस्तार कर रही है। उन्होंने बताया कि पंजाब में करीब 3,000 खेल मैदान विकसित किये जा रहे हैं और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस वर्ष जनवरी में 500 'पिंड जिम' का उद्घाटन किया था।

उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ रणनीति में आपूर्ति रोकने के लिए प्रवर्तन, नशे की लत से जूझ रहे लोगों के लिए उपचार एवं पुनर्वास और नशे की रोकथाम के लिए खेल तथा सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा देना शामिल है।

उन्होंने शिक्षकों, अभिभावकों, युवा क्लबों, पंचायतों और सामाजिक संगठनों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने युवाओं से भी नशे की ओर बढ़ रहे अपने दोस्तों को अकेला छोड़ने के बजाय उनका सहयोग करने और उन्हें मदद लेने के लिए प्रोत्साहित करने का आग्रह किया। मलोट कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने पोस्टर और निबंध प्रतियोगिताओं में भाग लिया। मलवई गिद्धा और नशे के खिलाफ जागरूकता पर आधारित नाटक के जरिए भी स्वस्थ एवं नशामुक्त पंजाब का संदेश दिया गया। सरकार के अनुसार, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और ग्राम एवं वार्ड रक्षा समितियों सहित स्कूलों, अभिभावकों, पंचायतों, युवा क्लबों और खेल सुविधाओं को नशे की रोकथाम के प्रयासों से जोड़कर स्थानीय स्तर पर जागरूकता का नेटवर्क तैयार किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित