कानपुर , जनवरी 29 -- कानपुर जिले आंगनबाड़ी कार्यकत्री व सहायिका भर्ती प्रक्रिया के बीच अवैध वसूली की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रीति सिन्हा ने आम नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि भर्ती के नाम पर धनराशि मांगना न केवल गलत है, बल्कि दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि उनके संज्ञान में आया है कि कुछ गैर-शासकीय व शरारती तत्व अभ्यर्थियों से संपर्क कर आंगनबाड़ी भर्ती का झांसा देकर अवैध धनराशि की मांग कर रहे हैं। ऐसे लोग भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित करने का दावा कर अभ्यर्थियों पर दबाव बना रहे हैं, जबकि इसका वास्तविक प्रक्रिया से कोई लेना-देना नहीं है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी भी अभ्यर्थी या नागरिक से कोई व्यक्ति आंगनबाड़ी भर्ती के नाम पर पैसे या किसी अन्य अवैध लाभ की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय, कक्ष संख्या-15, प्रथम तल, विकास भवन, कानपुर नगर में दें, ताकि संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
प्रीति सिन्हा ने यह भी स्पष्ट किया कि आंगनबाड़ी भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और पोर्टल के माध्यम से जनरेट ब्रॉडशीट के आधार पर जनपद स्तरीय समिति द्वारा संपन्न की जा रही है। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के प्रलोभन, अफवाह या झांसे में न आएं और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित