पटना , मई 04 -- राज्य सरकार आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत सभी बच्चों का हेल्थ कार्ड बनवा रही है।

इस मुहिम के तहत सभी बच्चों के स्वास्थ्य की समुचित जांच कर उनकी समुचित रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इस हेल्थ कार्ड की मदद से बच्चों को मेडिकल कॉलेज अस्पतालों, सरकारी पीएचसी और जिला/ब्लॉक अस्पतालों में मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी।

राज्य में कुल एक लाख 15 हजार आंगनबाड़ी केंद्रों में अभी 90 लाख बच्चे पंजीकृत हैं। इनमें से अब तक 57.82 प्रतिशत यानी 59 लाख 35 हजार 188 बच्चों का हेल्थ कार्ड बन चुका है। जनवरी 2025 में सिर्फ तीन प्रतिशत बच्चों के पास हेल्थ कार्ड था। हेल्थ कार्ड बनने के बाद लगभग 30 प्रतिशत अभिभावकों को अपने बच्चों के इलाज में मदद मिल चुकी है। अधिक से अधिक बच्चों को इस सुविधा से जोड़ने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों पर नियमित कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें 0 से 6 वर्ष तक के सभी बच्चों का हेल्थ कार्ड बनाया जा रहा है। इस हेल्थ कार्ड से बच्चे के स्वास्थ्य का रिकार्ड ऑनलाईन सुरक्षित रहता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित