देहरादून , मार्च 14 -- उत्तराखंड के देहरादून में मानदेय बढ़ोतरी समेत अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश भर से यहां पहुंचे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास की तरफ कूच किया।
पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हाथीबड़कला में बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया।आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सेविका मिनी कर्मचारी संगठन की प्रदेश अध्यक्ष रेखा नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने परेड मैदान से मुख्यमंत्री आवास के लिए कूच किया, लेकिन पहले से ही मौजूद भारी पुलिस बल ने उन्हें न्यू कैंट रोड स्थित हाथी बड़कला में बैरिकेडिंग पर रोक दिया। इस दौरान खूब धक्का मुक्की और नारेबाजी हुई।
जिसके बाद आक्रोशित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सड़क पर धरने पर बैठ गईं और अपनी मांगों को लेकर जमकर प्रदर्शन किया।
इस दौरान सुश्री रेखा नेगी ने वहां मौजूद पत्रकारों से कहा कि आज पूरे प्रदेश से हजारों की संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता , सेविका मिनी कर्मचारियों ने इकट्ठा होकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया है।
उन्होंने कहा कि उनकी मानदेय बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया है, उसी तरह राज्य सरकार से भी यह आस लगाए हुए बैठे हुए हैं कि सरकार उनके मानदेय में वृद्धि करेगी, लेकिन राज्य सरकार ने भी अब तक कुछ नहीं किया।
उन्होंने कहा कि इतने कम मानदेय से महिलाओं को अपने परिवार का भरण पोषण करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, ऊपर से उनके ऊपर काम का अतिरिक्त बोझ डाल दिया गया है। उन्होंने सरकार से 18 हजार रुपए मानदेय दिए जाने की मांग उठाई है।
वही हाथी बड़कला बेरिकेडिंग पर काफी देर हंगामा होने के बाद पुलिस ने महिलाओं को हिरासत में ले लिया, और रेस कोर्स स्थित पुलिस लाइन भेज दिया ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित