पटना , अक्टूबर 01 -- ्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत 'आँगन मिलन सेवा' कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार को दीघा विधानसभा क्षेत्र के विकास मंडल अंतर्गत एनटीपीसी, आशियाना नगर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में किया गया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी शामिल हुए। इस अवसर पर दीघा के विधायक एवं बिहार विधानसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया, प्रदेश उपाध्यक्ष पवन जायसवाल और प्रदेश उपाध्यक्ष शोभा सिंह सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के अलावा आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, अभिभावक एवं बच्चे मौजूद थे।

कार्यक्रम के दौरान गोदभराई और अन्नप्राशन का आयोजन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दोनों कार्यक्रमों में शामिल परिवारों को शुभकामनाएं दीं तथा बच्चों के स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका रीता एवं सहायिका रिंकू सहित केंद्र से जुड़ी सभी सेविका-सहायिका बहनों के कार्यों की सराहना की।

श्री सरावगी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों के पोषण और प्रारंभिक देखभाल का स्थान नहीं हैं, बल्कि मां, बच्चे और परिवार के बेहतर भविष्य की नींव रखने वाले महत्वपूर्ण केंद्र हैं। यहां बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के साथ माताओं को भी आवश्यक जानकारी एवं सहयोग मिलता है। उन्होंने कहा कि सेविका और सहायिका बहनें घर-घर जाकर बच्चों, माताओं और परिवारों से जुड़ती हैं और बच्चों के स्वस्थ भविष्य की नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित