चंडीगढ़ , जून 23 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि राज्य सरकार अहीरवाल क्षेत्र के वीर शहीदों के अदम्य साहस, संघर्ष और बलिदान को समर्पित नसीबपुर में एक भव्य स्मारक स्थापित करेगी।

यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति और देश सेवा की प्रेरणा देने के साथ-साथ अहीरवाल के गौरवशाली इतिहास से रूबरू करायेगा। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को हरियाणा निवास में अधिकारियों के साथ बैठक कर इस महत्वपूर्ण परियोजना की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के महानिदेशक केएम पांडुरंग और मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव यश पाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जबकि विधायक ओम प्रकाश यादव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े।

इस दौरान नसीबपुर में बनने वाले स्मारक के प्रस्तावित डिजाइन और निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत प्रस्तुति दी गयी। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 42 कनाल 10 मरला क्षेत्र में विकसित किये जा रहे इस परिसर में ओपन एयर थिएटर, लाइट एंड साउंड शो, गैलरी, ऑडिटोरियम और प्रशासनिक भवन जैसी आधुनिक सुविधाएं तैयार की जायेंगी।

श्री सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्मारक परिसर के सौंदर्यीकरण, हरियाली और पर्यटकों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाये। उन्होंने परिसर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए कहा ताकि यहां आने वाले लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो। महानिदेशक केएम पांडुरंग ने आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों से मिले सुझावों के अनुरूप परियोजना के डिजाइन को और अधिक प्रभावी तथा आकर्षक बनाया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित