जालौन , अगस्त 13 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में कालपी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दमरास में गुरुवार को लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की पुण्यतिथि पर समाजवादी पार्टी की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने अहिल्याबाई होल्कर के न्यायप्रिय शासन और सामाजिक योगदान का उल्लेख करते हुए पीडीए (पिछड़ा, दलित एवं अल्पसंख्यक) समाज से 2027 के विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर समाजवादी पार्टी का समर्थन करने का आह्वान किया।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष दीपराज गुर्जर के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीराम पाल मुख्य अतिथि रहे, जबकि संचालन कालपी विधानसभा अध्यक्ष विजय कुशवाहा ने किया। कार्यक्रम में पीडीए समाज के लोगों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही।
श्रीराम पाल ने कहा कि बहुजन समाज के महापुरुषों और पूर्वजों के इतिहास को लंबे समय तक उपेक्षित रखा गया, जिसे अब सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अहिल्याबाई होल्कर को शिवभक्त, न्यायप्रिय और कुशल शासिका बताते हुए उनके न्याय संबंधी कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने न्यायपालिका में प्रचलित न्याय की देवी की प्रतिमा के स्थान पर अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग भी उठाई।
उन्होंने पीडीए समाज से आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को विजयी बनाने और प्रदेश में सपा सरकार गठन में योगदान देने की अपील की।
जिलाध्यक्ष दीपराज गुर्जर ने कहा कि वह कार्यकर्ताओं के साथ सदैव खड़े रहेंगे। उन्होंने भाजपा सरकार पर किसानों और युवाओं की उपेक्षा, महंगाई तथा भ्रष्टाचार बढ़ने का आरोप लगाते हुए युवाओं से लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता परिवर्तन के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित