रायपुर , मई 31 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रविवार को कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर का जीवन सुशासन, जनसेवा, महिला सशक्तिकरण और लोककल्याण का आदर्श उदाहरण है तथा उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं।

श्री शर्मा आज कबीरधाम जिले के ग्राम राम्हेपुर में आयोजित लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होलकर भारतीय इतिहास की ऐसी महान शासक थीं, जिन्होंने न्यायपूर्ण प्रशासन, जनसेवा और सांस्कृतिक संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके नेतृत्व में मालवा क्षेत्र ने समृद्धि और सुशासन की नई पहचान बनाई। साथ ही उन्होंने देशभर में मंदिरों, घाटों, धर्मशालाओं और अन्य जनोपयोगी निर्माण कार्यों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और आस्था को सशक्त आधार प्रदान किया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी अहिल्याबाई होलकर ने धैर्य, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता का परिचय देते हुए समाज के लिए आदर्श स्थापित किया। उन्होंने अपने शासनकाल में न्याय, समानता और लोककल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी तथा समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए कार्य किया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है तथा लोकमाता के आदर्शों से प्रेरणा लेकर जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।

समारोह में समाज के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रपाल धनकर, विदेशी राम धुर्वे, जिलाध्यक्ष भाईराम पाली, मिलू साहू, जनप्रतिनिधि, गडरिया समाज के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित