राजनांदगांव , अक्टूबर 07 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव निवासी एवं अखिल भारतीय शाकाहार परिषद के संयोजक पवन जैन के मुख्य संयोजन में उत्तर प्रदेश के लखनऊ और अयोध्या में 'अहिंसा शाकाहार सम्मेलन' एवं 'अहिंसा यात्रा' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अहिंसा, शाकाहार, नशामुक्ति, सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
लखनऊ के निरालानगर स्थित माधव सभागार में आयोजित सम्मेलन का शुभारंभ पूर्व मंत्री सत्यदेव पचौरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। काव्या जैन ने वंदना गीत प्रस्तुत किया। सम्मेलन में उपस्थित जैन मुनि ने अहिंसा, शाकाहार, नशामुक्ति, स्वदेशी, गौ-संरक्षण और जैविक खाद के उपयोग को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
श्री पचौरी ने कहा कि महात्मा गांधी ने अहिंसा को अपने आंदोलन का प्रमुख आधार बनाया और भारत की परंपरा में अहिंसा का महत्वपूर्ण स्थान रहा है।
इस दौरान श्रीरामकृष्ण मिशन से माधव सभागार तक 'अहिंसा यात्रा' निकाली गई, जिसमें साधु-संतों और विभिन्न राज्यों से पहुंचे समाजसेवियों ने भाग लिया। अखिल भारतीय शाकाहार परिषद की ओर से कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक एवं मंच संचालक पवन जैन ने युवाओं में मांसाहार और मादक पदार्थों के बढ़ते चलन पर चिंता व्यक्त करते हुए नशामुक्त एवं शाकाहारी जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि आयोजन के लिए शैलेन्द्र चतुर्वेदी, प्रमिल द्विवेदी और विद्युत जैन सहित अन्य सहयोगियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क किया गया।
लखनऊ में आयोजन के बाद अयोध्या के भवदीय पब्लिक स्कूल सभागार में कार्यक्रम का समापन हुआ। इससे पहले चूडामणि चौराहा से अहिंसा रैली निकाली गई। सम्मेलन में विभिन्न संप्रदायों के संतों और प्रबुद्धजनों ने अहिंसा तथा सामाजिक समरसता पर अपने विचार रखे।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में योगदान के लिए 21 लोगों को 'आचार्य विद्यासागर राष्ट्र गौरव सम्मान' से सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वालों में नई दिल्ली के डॉ. प्रमोद त्रिपाठी, हैदराबाद के जय देव, कर्नाटक के सूरज सिंह राजपूत, सिक्किम के तरुण कपूर, कबीर नगर के विवेकानंद, पटना की कंचन पाठक, भोपाल के कमल अजमेरा, लखनऊ के विद्युत जैन एवं उमाशंकर, पूर्व विधायक केराबाई मनहर सहित अन्य लोग शामिल रहे।
डोंगरगांव लौटने पर आज स्थानीय नागरिकों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने पवन जैन को आयोजन के सफल संयोजन के लिए बधाई दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित