नयी दिल्ली , जून 24 -- गुजरात के अहमदाबाद हवाई अड्डे पर उस समय एक बड़ी दुर्घटना टल गयी जब एयर इंडिया का एक विमान गलती से उसी टैक्सी-वे पर आ गया जहां से इंडिगो का एक विमान उड़ान भरने के लिए जा रहा था।

एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने यहां जारी बयान में बताया कि बुधवार को उड़ान संख्या एआई2493 मुंबई से अहमदाबाद पहुंची और उसने लैंडिंग के बाद विमान ने अनजाने में गलत मोड़ ले लिया।

सूत्रों के अनुसार, घटना शाम करीब आठ बजे की है। इसमें शामिल एयर इंडिया का विमान ए320 था।

प्रवक्ता ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया गया। बाद में विमान को सुरक्षित ढंग से पार्किंग में ले जाया गया। उन्होंने बताया कि नियामक एजेंसियों को घटना की जानकारी दे दी गयी है और मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी गयी है।

इंडिगो के प्रवक्ता ने बताया कि उड़ान संख्या 6ई5160 अहमदाबाद से मुंबई के लिए उड़ान भरने की तैयारी में थी और टैक्सी करके उड़ान भरने जा रही थी, तभी दूसरी एयरलाइन का विमान सामने आ गया। इस कारण उड़ान में देरी हुई।

दोनों विमानों के पायलटों ने समय पर अपने-अपने विमान रोक लिये, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

इंडिगो के प्रवक्ता के अनुसार, दोनों विमान "सुरक्षित दूरी पर" रुके थे। दूसरे विमान को हटाये जाने के बाद इंडिगो का विमान मुंबई के लिए रवाना हुआ और वहां सुरक्षित उतरा। इंडिगो ने भी अपनी तरफ से नियामक एजेंसियों को घटना की सूचना दे दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित