अहमदाबाद , अक्टूबर 07 -- कॉमनवेल्थ क्यू स्पोर्ट्स चैंपियनशिप के दूसरे संस्करण की बुधवार को यहां आधिकारिक शुरुआत हो गयी। 10 अक्टूबर तक चलने वाली इस चैंपियनशिप में 42 दों के 144 खिलाड़ी भाग लेंगे।
इस चैंपियनशिप में 72 पुरुष और 72 महिला खिलाड़ी इंग्लिश बिलियर्ड्स, स्नूकर, 10-बॉल पूल, हेबॉल और ब्लैकबॉल जैसे खेलों में हिस्सा लेंगे। इसमें लगभग 42 कॉमनवेल्थ देशों के खिलाड़ी शामिल होंगे। चार दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में 10 मेडल इवेंट्स होंगे और यह पहली बार है जब यह प्रतिष्ठित मल्टी-डिसिप्लिन चैंपियनशिप भारत में आयोजित की जा रही है।
चैंपनिशप से पहले हुए संवाददाता सम्मेलन में वर्ल्ड कॉन्फेडरेशन ऑफ बिलियर्ड्स स्पोर्ट्स (डब्ल्यूसीबीएस) के उपाध्यक्ष मुबारक अल-खयारिन।की बोर्ड मेंबर ग्रिएटा स्टीनकम्प, एंटी-डोपिंग डायरेक्टर जेम्स लीसी, बिलियर्ड्स एंड स्नूकर फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीएसएफआई) के अध्यक्ष एस. बालासुब्रमण्यम, सेक्रेटरी सुनील बजाज; गुजरात स्नूकर एंड बिलियर्ड एसोसिएशन के प्रेसिडेंट अभिषेक शाह और एपेक्स स्पोर्ट्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और फाउंडर व भारतीय क्यू स्पोर्ट्स खिलाड़ी शिवम अरोड़ा समेत क्यू स्पोर्ट्स जगत की कई अन्य हस्तियां शामिल हुईं।
कॉमनवेल्थ विमेंस हेबॉल चैंपियन विद्या पिल्लई, मेन्स हेबॉल सिल्वर मेडलिस्ट शिवम अरोड़ा और विमेंस 10-बॉल पूल रजत पदक विजेता चित्रा मगीमैराज भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे। ये तीनों खिलाड़ी अपने घरेलू मैदान पर अपने पदक की संख्या और बढ़ाने की कोशिश करेंगे।
भारतीय टीम का सामना कई दिग्गज इंटरनेशनल खिलाड़ियों से होगा, जिनमें मौजूदा चैंपियन और वर्ल्ड-क्लास खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें इंग्लैंड की केली फिशर, साउथ अफ्रीका के क्रेग बाउवर, मलेशिया के लिम कोक लियोन्ग, इंग्लैंड की रेबेका केना और वेल्स के डैरेन मॉर्गन शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित