अहमदाबाद , जुलाई 10 -- गुजरात के अहमदाबाद में यात्री और माल गाड़ियों तथा बुलेट ट्रेन का परिचालन बाधा रहित सुनिश्चित करने के लिए 13 पोर्टल बीम को स्थापित करने का काम शुक्रवार को पूरा हो गया।

राष्ट्रीय उच्च गति रेल निगम लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) ने बताया कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए सभी 13 पोर्टल बीम को स्थापित करने का काम पूरा हो गया है। रेलवे के अनुसार यहां से साबरमती में 13वें और 1,640 मीट्रिक टन वजन वाले पोर्टल बीम को आज रेलवे लाइन के ऊपर महज तीन घंटे में चढ़ाया गया। इसी के साथ ही इस परियोजना के सभी 13 पोर्टल बीमों को स्थापित करने का काम पूरा हो गया। इस परियोजना के तहत चढ़ाए गये पोर्टल बीमों में यह सबसे ज्यादा वजह वाला बीम है।

एनएचएसआरसीएल मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए 18 किलोमीटर लंबा बुलेट ट्रेन वायाडक्ट (एक विशेष प्रकार का लंबा और ऊँचा पुल) बनाये गये हैं, जो व्यस्त रेलवे लाइनों को एलिवेटेड (ऊपरी) स्तर पर पार करते हैं। रेलवे क्रॉसिंग्स के लिए विशेष रूप से 13 पोर्टल बीमों मणिनगर में मुंबई-अहमदाबाद मुख्य रेलवे लाइन पर पांच पोर्टल बीम, वाटवा में मुंबई-अहमदाबाद मुख्य रेलवे लाइन पर सात पोर्टल बीम और साबरमती में अहमदाबाद-दिल्ली मुख्य रेलवे लाइन पर एक पोर्टल बीम है। एनएचएसआरसीएल के अनुसार अंतिम प्रीकास्ट-प्रेस्ट्रेस्ड पोर्टल बीम का वजन लगभग 1,640 मीट्रिक टन है।

वहीं इसकी लंबाई 34.5 मीटर तथा क्रॉस-सेक्शन 5.5 मीटर गुना 4.5 मीटर है। इस पोर्टल बीम को 2,200 मीट्रिक टन क्षमता वाली क्रॉलर क्रेन की सहायता से स्थापित किया गया। सीमित कार्य स्थल होने के बावजूद इस जटिल कार्य की विस्तृत योजना बनाई गयी और भारतीय रेलवे के साथ घनिष्ठ समन्वय स्थापित करते हुए कड़े सुरक्षा मानकों का पालन किया गया। पूरी प्रक्रिया के दौरान रेलवे परिचालन बिना किसी बाधा के सुरक्षित रूप से जारी रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित