अहमदाबाद , फरवरी 21 -- गुजरात के अहमदाबद में मैरिंगो सिम्स (सीआईएमएस) होस्पिटल के ऑन्को साइंसेज़ विभाग ने शनिवार से दो दिवसीय टीएसीओएस (थोरेसिक और कोलोरेक्टल ऑन्कोलॉजी शिखर सम्मेलन) 2026 का आयोजन किया है।

सम्मेलन निदेशक डॉ. अभिषेक जैन ने आज यहां कहा कि इस शिखर सम्मेलन में देशभर से अग्रणी ऑन्कोलॉजिस्ट, सर्जन, एकेडेमिशियन्स एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भाग लिया और थोरासिक तथा कोलोरेक्टल कैंसर पर केंद्रित गहन शैक्षणिक विचार-विमर्श किया जा रहा है। पहली बार आयोजित किए गए टीएसीओएस 2026 ने थोरासिक और कोलोरेक्टल ऑन्कोलॉजी कैंसर उपचार के दो तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों को समर्पित एक उच्च-स्तरीय वैज्ञानिक मंच प्रदान किया। सम्मेलन में सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी, पल्मोनोलॉजी और गैस्ट्रो-ऑन्कोलॉजी के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों की भागीदारी रही, जिससे राष्ट्रीय और क्षेत्रीय स्तर पर व्यापक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हुआ।

डॉ. जैन ने कहा कि इस वैज्ञानिक कार्यक्रम में नवीनतम दिशानिर्देशों, महत्वपूर्ण क्लिनिकल ट्रायल्स और विकसित होते उपचार मानकों पर व्यापक एवं प्रमाण-आधारित चर्चाएँ की गईं। पैनल डिस्कशन और शैक्षणिक वाद-विवाद के दौरान सर्जरी बनाम एसबीआरटी, मिनिमली इनवेसिव तकनीकों तथा मल्टी-मोडालिटी उपचार रणनीतियों जैसे समकालीन विषयों पर गहन चर्चा हुई, जिसने ज्ञानवर्धक और व्यावहारिक संवाद को प्रोत्साहित किया।

सम्मेलन का एक प्रमुख आकर्षण लाइव केस-आधारित चर्चाएँ रहीं, जिनमें वास्तविक क्लिनिकल परिस्थितियों पर विशेषज्ञों ने व्यावहारिक निर्णय लेने की प्रक्रिया साझा की। साथ ही, क्विज प्रतियोगिता, एब्स्ट्रैक्ट प्रस्तुति और इंटरैक्टिव सत्रों के माध्यम से युवा ऑन्कोलॉजिस्ट्स को भी सक्रिय रूप से शामिल किया गया, जिससे भविष्य की पीढ़ी को प्रोत्साहन मिला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित