भिण्ड , मई 11 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिला अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड में छत का प्लास्टर गिरने से तीन महिलाओं और दो बच्चों के घायल होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है।
प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला और भिण्ड कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने रात में जिला अस्पताल पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान एसएनसीयू वार्ड, ब्रेस्ट फीडिंग रूम तथा अस्पताल की पुरानी इमारत का जायजा लिया गया। अस्पताल प्रबंधन ने अधिकारियों को बताया कि भवन वर्ष 1934 में निर्मित हुआ था और अब जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है। भवन की दीवारों और छतों में कई स्थानों पर दरारें आ गई हैं।
अधिकारियों को यह भी बताया गया कि पूर्व में एक्स-रे सेंटर, मेटरनिटी वार्ड और अन्य हिस्सों में भी प्लास्टर गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं। मंत्री और कलेक्टर ने एसएनसीयू में भर्ती नवजात बच्चों की स्थिति और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। बाद में दोनों अधिकारियों ने सिविल सर्जन डॉ. आरके राजोरिया से अस्पताल की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित