अलवर , मई 11 -- राजस्थान में अलवर शहर में राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय के पुरुष मेडिकल वार्ड में भर्ती मरीजों के परिजनों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंची जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला से वार्डों में घूमते आवारा कुत्तों, शराबियों की आवाजाही और बाथरूम में फैली गंदगी की शिकायत की गयी।

शिकायत सुनते ही नाराज आर्तिका शुक्ला ने प्रधान चिकित्साधिकारी (पीएमओ) प्रवीण शर्मा को जमकर फटकार लगाई और नगर निगम कमिश्नर सोहन सिंह नरूका को मौके पर बुलाकर शाम तक सभी कुत्तों को पकड़ने के निर्देश दिए।

दरअसल, सोमवार को सुबह कलेक्टर ने जिला अस्पताल सहित शिशु एवं जनाना अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों और परिजनों से बातचीत करके अस्पताल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली और पूछा कि एसी चल रहे हैं या नहीं। इस दौरान कुछ वार्डों में एसी खराब मिलने पर अधिकारियों को 24 घंटे में उन्हें ठीक कराने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित