भरतपुर , मई 15 -- राजस्थान में करौली में पुराने जिला अस्पताल परिसर स्थित ऑक्सीजन संयंत्र में शुक्रवार सुबह अचानक शार्टसर्किट से लगी आग पर काबू पा लेने के बाद जिला प्रशासन, पुलिस एवं अस्पताल प्रशासन ने राहत की सांस ली है।

पुराना जिला अस्पताल घनी आबादी वाले क्षेत्र में होने के कारण ऑक्सीजन संयंत्र में आग लगने की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्र में भी दहशत का माहौल बन गया। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार समय रहते इस आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आग के ठीक पास रखे करीब 45 बड़े ऑक्सीजन सिलेंडर में किसी भी वक्त बड़ा विस्फोट हो सकता था।

सूत्रों ने बताया कि अस्पताल कर्मचारियों ने सबसे पहले फायर हाइड्रेंट सिस्टम की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इसके बाद दमकल विभाग का दल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझाया गया। आग से मैनीफोल्ड शेल्टर, उसकी वायरिंग और कुछ उपकरण जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। फिलहाल प्रशासन और तकनीकी दल पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।

घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने एहतियात के तौर पर ऑक्सीजन संयंत्र के आसपास के वार्ड खाली करा दिए। विशेष रूप से फिजियोथैरेपी वार्ड के मरीजों को तुरंत अन्य सुरक्षित वार्डों में स्थानांतरित किया गया।

आग की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा, पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल, नगर परिषद आयुक्त प्रेमराज मीना, मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्साधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. सतीश मीणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित