बैतूल , मई 11 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिला अस्पताल में मरीजों की देखभाल में लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने 14 प्रभारी चिकित्सकों का एक दिन का वेतन काटने और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने सोमवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, जनरल वार्ड, डायलिसिस यूनिट, पीआईसीयू, आईसीयू, एसएनसीयू, मेटरनिटी वार्ड, पीएनसी, एएनसी तथा आर्थोपेडिक वार्ड का जायजा लिया।

निरीक्षण में केवल आर्थोपेडिक वार्ड के प्रभारी चिकित्सक ही ड्यूटी पर मौजूद मिले, जबकि अन्य 14 वार्डों के प्रभारी डॉक्टर अपने निर्धारित स्थानों से अनुपस्थित पाए गए। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों की नियमित निगरानी और चिकित्सकीय उपस्थिति अनिवार्य है तथा ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित रहना गंभीर अनुशासनहीनता है।

निरीक्षण के दौरान लेबर वार्ड की दो स्टाफ नर्सों और सोनोग्राफी विभाग के एक सहायक द्वारा गलत जानकारी दिए जाने का मामला भी सामने आया। कलेक्टर ने संबंधित कर्मचारियों को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने अस्पताल परिसर की सफाई व्यवस्था पर भी असंतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तत्काल सुधार और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. जगदीश घोरे और आरएमओ रानू वर्मा मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित