बारां , मई 17 -- राजस्थान में बारां के राजकीय राजमल मीणा जिला अस्पताल में रविवार को मातृ एवं शिशु विभाग में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब वार्ड बॉय और वार्ड लेडी कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार करके अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

कर्मचारियों ने वार्ड प्रभारी मोहनलाल मीणा पर एक महिला कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार करने एवं ताला फेंककर मारने का आरोप लगाया।शनिवार की घटना को लेकर कर्मचारी आहत थे।

घटना के विरोध में कर्मचारी अस्पताल के मुख्य द्वार पर एकत्रित हुए और उन्होंने नारेबाजी करते हुए आरोपी प्रभारी की गिरफ्तारी एवं तत्काल निलंबन की मांग की। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का कहना था कि महिला कर्मचारी के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार की घटना बेहद निंदनीय है।

कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि वार्ड इंचार्ज का व्यवहार लंबे समय से कर्मचारियों के प्रति ठीक नहीं रहा है।

रविवार को हुए विवाद के बाद कर्मचारियों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया। सूचना मिलने पर अस्पताल प्रशासन एवं पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मचारियों को समझाया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

वहीं अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों से जानकारी ली जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित