पटना, अप्रैल 17 -- पदा प्रबंधन विभाग के विभागीय सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह के निर्देशानुसार संयुक्त सचिव मो. नदीमुल गफ्फार सिद्दीकी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के साथ वर्चुअल मीटिंग का आयोजन किया गया।

बैठक में एनडीएमए के अधिकारियों ने राज्य भर के अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्रों में आपदा प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही मरीजों की सुरक्षा के उद्देश्य से अस्पतालों के लिए आपदा प्रबंधन योजना तैयार करने के लिए कहा।

इस अवसर पर संयुक्त सचिव ने जिला स्तरीय पदाधिकारियों को जिले से लेकर निचले स्तर के सभी अस्पताल एवं स्वास्थ्य केंद्रों में आपदा प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति की प्रतिनिधि डॉ. रागिनी मिश्रा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से राज्य के विभिन्न अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्रों में आपदा प्रबंधन संबंधी तैयारियों की जानकारी दी।

इस बैठक में आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसइओसी) के अधिकारियों के साथ ऑनलाइन माध्यम से जिलों के अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), सिविल सर्जन, आपदा प्रभारी, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी तथा जिला फायर सेफ्टी ऑफिसर आदि जुड़े।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित