जालौन , अगस्त 21 -- उत्तर प्रदेश में जालौन के जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने शुक्रवार सुबह जिला महिला एवं पुरुष अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं सुगम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिला महिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी, विभिन्न वार्डों, दवा वितरण कक्ष, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, आयुष्मान वार्ड एवं जच्चा-बच्चा वार्ड सहित अन्य व्यवस्थाओं को देखा। निरीक्षण के दौरान रेडियोलॉजिस्ट डॉ. अजय खरे, स्त्री रोग विशेषज्ञ वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. सुनीता बनोधा, वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. संजीव प्रभाकर, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियम यादव तथा डॉ. अंशिका जायसवाल अनुपस्थित मिलीं। इस पर जिलाधिकारी ने सीएमएस महिला अस्पताल को संबंधित चिकित्सकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। अस्पताल की व्यवस्थाओं के पर्यवेक्षण में शिथिलता मिलने पर सीएमओ और सीएमएस महिला अस्पताल से स्पष्टीकरण भी तलब किया।
इसके बाद पुरुष अस्पताल में सभी चिकित्सक उपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड और इंजेक्शन कक्ष का निरीक्षण कर मरीजों से सीधे संवाद किया। मरीज सत्येंद्र कुमार द्वारा एक्स-रे नहीं होने की शिकायत पर उन्होंने तत्काल एक्स-रे कक्ष पहुंचकर जानकारी ली। चिकित्सक ने बताया कि एक्स-रे हो चुका है और रिपोर्ट तैयार है।
अल्ट्रासाउंड कक्ष में डॉ. सौरभ कुमार मरीजों की जांच करते मिले। जिलाधिकारी ने मरीजों से दवाओं की उपलब्धता और बाहर से दवा लिखे जाने के संबंध में भी जानकारी ली। मरीजों ने बताया कि आवश्यक दवाएं अस्पताल से ही मिल रही हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ दायित्व निभाने तथा अस्पताल की व्यवस्थाएं लगातार बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित