लखनऊ , मार्च 12 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा असम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी की जाएगी। इस किस्त के तहत उत्तर प्रदेश के 2.15 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से 4335.11 करोड़ रुपये भेजे जाएंगे। सरकार के अनुसार योजना के तहत पात्र किसान परिवार के एक सदस्य को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि दो-दो हजार रुपये की तीन किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 नवंबर 2025 को कोयंबटूर से किसानों के खातों में इस योजना की पिछली किस्त जारी की थी।
प्रदेश के किसानों को इस योजना के तहत अब तक बड़ी आर्थिक सहायता मिल चुकी है। 21वीं किस्त तक राज्य के किसानों के खातों में कुल 94,668.58 करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को जारी होने वाली 4335.11 करोड़ रुपये की राशि के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 99,003.69 करोड़ रुपये हो जाएगा।
सरकार का कहना है कि इस योजना के माध्यम से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ ही खेती-किसानी को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित